
कोटखाई (शिमला)। क्षेत्र के बागड़ा में पिकअप गाड़ी के खाई में गिरने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल का उपचार कोटखाई अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार देर रात एक पिकअप गाड़ी एचपी-09 ए-2830 शिमला से गरावग की ओर जा रही थी। इसी दौरान बागड़ा के पास गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में गाड़ी में सवार राकेश पुत्र तिलक राज निवासी नेपाल तथा गोपी चंद पुत्र लाल बहादुर निवासी नेपाल की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि, वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति सूरज निवासी नेपाल इस हादसे में घायल हो गया है। इसका उपचार कोटखाई अस्पताल में चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और शवों को कब्जे में ले लिया। मामले की पुष्टि करते हुए एएसआई ओम कृष्ण ठाकुर ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर घायल को उपचार के लिए कोटखाई में भर्ती करवाया गया। उन्होंने कहा कि शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
