
जुब्बल (शिमला)। मुख्य संसदीय सचिव एवं जुब्बल कोटखाई के विधायक रोहित ठाकुर ने कहा कि पांच साल में इस विधानसभा क्षेत्र के गांवों की मुख्य सड़कें पक्की जाएंगी। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही सड़कों की दशा को सुधारने की पहल की है। रोहित ठाकुर ने भोलाड़ पंचायत के राथल मेले में जनसभा को संबोधित किया।
रोहित ठाकुर ने कहा कि शिमला मुख्य सड़क के निर्माण के लिए कांग्रेस सरकार ने 305 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इस सड़क के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सेब सीजन में लोगों को परेशानी न हो, इसलिए पहले ही सभी मुख्य सड़कों को ठीक किया गया है। उन्होंने कहा कि जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार पर इस वर्ष दो करोड़ रुपये का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पांच साल में आंकड़ों के माया जाल में जनता को गुमराह किया है। इसलिए विधानसभा चुनाव में क्षेत्र की जनता ने भाजपा को जवाब दिया है। सीपीएस रोहित ठाकुर ने 58 लाख रुपये की लागत से बनने वाले वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला राथल के भवन का शिलान्यास किया है। इस दौरान युवक मंडल की ओर से आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता में बखराला कोटखाई की टीम विजेता तथा भमनोली की टीम उपविजेता रही है। भोलाड़ की पंचायत प्रधान अंजना ठाकुर ने सभी मेहमानों का स्वागत किया। रोहित ठाकुर के साथ जिला परिषद सदस्य विरेंद्र घेजटा, पंचायत समिति अध्यक्ष मोती लाल सिथटा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष जोगिंद्र चौहान, लोनिवि के एक्सईएन आरके वर्मा, बीडीओ सुरेश सिंघा, पंचायत सदस्य आशा, कृष्णा, रामेश्वरी युवक मंडल अध्यक्ष विनोद हंसरेटा उपस्थित थे।
