जलभराव से हाईवे फिर पांच घंटे बंद

बहादराबाद। पथरी रोह उफनने से राष्ट्रीय राजमार्ग-58 बृहस्पतिवार को फिर पांच घंटे बंद रहा। पतंजलि के पास चार-चार फिट जलभराव से दोनों और लगी वाहनों की कतारों में सैकड़ों यात्री फंसे रहे। हालत से निजात दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कलियर मार्ग पर रूट डायवर्ट किया तो लोग जाम में फंस गए। इस दौरान यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मंगलवार को भी मूसलाधार बारिश से पथरी रोह का पानी पतंजलि के पास हाइवे पर भरने से राजमार्ग पांच घंटे बंद रहा था। बुधवार रात फिर भारी बारिश से पथरी रोह उफना गई। पुलिस ने रात को वाहन एक-एक कर निकाले। लेकिन, सुबह स्थिति और बिगड़ गई। हाईवे पर एक किमी तक चार-चार फिट पानी भर गया। दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में आड़े-तिरछे वाहन लगने से पुलिस प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। आला अधिकारियों को सूचना दी गई। रूट डायवर्ट करने के आदेश मिलने पर स्थानीय पुलिस ने वाहनों को कलियर-धनौरी-कलियर मार्ग से निकालना शुरू किया। रुड़की से आने वाले वाहनों को कोर इंजीनियरिंग कालेज की ओर से मोड़ कर धनौरी की ओर निकालना शुरू किया। इसी बीच क्षतिग्रस्त कलियर मार्ग पर जाम लग गया। जिसमें लोग घंटों फंसे रहे। जाम से बचने के लिए कई वाहन चालक हाईवे से पानी उतरने का इंतजार करने लगे। दोपहर करीब एक बजे हाईवे से पानी उतरना शुरू हुआ तो पुलिस ने धीरे-धीरे वाहनों को बढ़ाना शुरू किया। उसके बाद जाम खुल पाया। बहादराबाद थानाध्यक्ष विद्या भूषण नेगी ने बताया कि राष्ट्रीय राजामार्ग पर पानी आने से यातायात प्रभावित हुआ। कलियर और धनौरी मार्ग से वाहनों को निकाला गया।

Related posts