19 अगस्त को होम्योपैथिक अधिकारी के इंटरव्यू

हरिद्वार। लोक सेवा आयोग की ओर से जारी होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी की भर्ती प्रक्रिया के लिए 19 अगस्त को इंटरव्यू किए जाएंगे। भर्ती ओबीसी-एससी वर्ग के 22 पदों के लिए थी, लेकिन इसके लिए अन्य वर्ग के अभ्यर्थियों ने भी आवेदन कर दिए थे। अधिकारियों का कहना है कि जिस वर्ग के लिए भर्ती प्रक्रिया है उसी वर्ग के अभ्यर्थियों को लिया जाएगा।
होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती के लिए पिछले साल विज्ञप्ति जारी की गई थी। इसमें ओबीसी के नौ, एससी के 13 पदों पर भर्ती होनी है। लेकिन, इस प्रक्रिया में सामान्य वर्ग व एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों ने भी आवेदन कर दिए। जिसमें आवेदनों की जांच में करीब 60 आवेदन निरस्त किए गए। इनमें कुछ आवेदन ऐसे भी थे जिनमें जाति कालम को ही नहीं भरा गया। ऐसे अभ्यर्थियों को सचेत कर उनके जाति प्रमाण पत्र भी मंगाए गए। लेकिन, निर्धारित समय तक अभ्यर्थी प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर सकें। जिसके चलते ऐसे आवेदनों को निरस्त कर दिया। इसी झंझावत में अटकी भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। लोक सेवा आयोग के प्रभारी सचिव एवं परीक्षा नियंत्रक एसएन पांडे ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया जारी विज्ञप्ति की शर्तों के आधार पर ही की जाएगी। 19 अगस्त को इंटरव्यू किए जाएंगे।

असिस्टेंट प्रोफेसर के 272 पदों पर इंटरव्यू
लोक सेवा आयोग कार्यालय में डिग्री कालेजों के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती प्रक्रिया को इंटरव्यू किए जा रहे हैं। जिसमें विधि, वाणिज्य, हिंदी, अंग्रेजी, उद्यान विज्ञान, जंतु विज्ञान, शिक्षाशास्त्र व बीएड विषयों के 272 पदों पर भर्ती होनी है। आयोग के प्रभारी सचिव एवं परीक्षा नियंत्रक एसएन पांडे ने बताया कि 11 दिसंबर 2011 को 272 पदों के लिए विज्ञप्ति जारी की थी। इसके लिए अभ्यर्थी की योग्यता नेट या पीएचडी निर्धारित है। असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए इंटरव्यू प्रक्रिया छह अगस्त से 13 अगस्त तक चलेंगी। बताया कि करीब दो सप्ताह बाद इसकी मेरिट चस्पा कर दी जाएगी।

Related posts