कार्यकर्ताओं के सामने भिड़ गए भाजपा नेता

हरिद्वार। बृहस्पतिवार को भाजपा नेताओं के बीच दो जगह विवाद हुआ। पहले मामले में फोटो खिंचाने को लेकर और दूसरे मामले में माइक पकड़ने को लेकर हाथापाई तक की नौबत आ गई। हालांकि रात होते-होते विवाद को बाहर नहीं निकलने देने के पूरे इंतजाम किए गए।
देवपुरा चौक पर पाकिस्तान का पुतला फूंकने के दौरान भाजपा के जिला स्तरीय दो पदाधिकारियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। दोनाें नेता कैमरे के सामने आकर फोटो खिंचाना चाहते थे। यहां से निकलकर कार्यालय पहुंचे तो वहां पर जिले के एक मुख्य पदाधिकारी और मंडल के एक कर्ताधर्ता पदाधिकारी के बाद हाथापाई की नौबत आ गई। मंडल के कर्ताधर्ता पदाधिकारी ने माइक हाथ में थामकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करना शुरू किया तो जिलास्तर के मुख्य पदाधिकारी ने बीच में ही टोक दिया। इसी बात को लेकर बवाल हो गया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं के सामने नोकझोंक हुई। कार्यकर्ता बीच-बचाव नहीं करते तो नौबत मारपीट तक आ सकती थी।
यह मामला शहरभर में चर्चा का विषय बना रहा। शाम को मीडिया के फोन घनघनाने शुरू हुए तो मंडल स्तर के पदाधिकारी मोबाइल बंद कर बैठ गए। जबकि जिला स्तर के अन्य पदाधिकारी ऑफ द रिकॉर्ड तो सब बताते रहे लेकिन सामने आने को तैयार नहीं हुए। इस बाबत जिलाध्यक्ष कुलदीप गुप्ता का कहना है कि झगड़े जैसी कोई बात नहीं हुई। थोड़ा-बहुत तो सब जगह चलता रहता है। किसी पदाधिकारी को किसी से कोई गिला-शिकवा नहीं है।

Related posts