
हरिद्वार। लगातार हो रही बारिश से गंगा का जलस्तर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बृहस्पतिवार को जलस्तर खतरे के निशान से करीब आधा मीटर नीचे था। लेकिन टिहरी डैम से पानी छोड़े जाने की सूचना से गंगा में पानी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने गंगा किनारे गांवों में हाई अलर्ट जारी किया हुआ है।
बृहस्पतिवार तड़के दो घंटे हुई मूसलाधार बारिश के बाद सुबह दस बजे तक हल्की बूंदाबांदी रही। करीब छह घंटे में 60 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। पहाड़ों में भारी बारिश से टिहरी डैम से गंगा में पानी छोड़ने की सूचना है। शाम तक गंगा का जलस्तर 293.40 मीटर (खतरे का निशान 294 मीटर) रिकार्ड किया गया। लगातार पानी आने से प्रशासन ने गंगा तट के किनारों में बसे गांवों में हाई अलर्ट जारी किया हुआ है। आईआईटी के मौसम वैज्ञानिक प्रो. एसके त्रिपाठी ने बताया कि भारी बारिश से सुबह तक पारे में गिरावट दर्ज की गई है। लेकिन, दोपहर में तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम पारा 22 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक प्रो. एसके त्रिपाठी ने बताया कि एक सप्ताह तक लगातार बारिश की संभावना है।
