बहाली के बाद अब कपकोट में दरकी जमीन

कपकोट। बागेश्वर के बहाली गांव के बाद अब कपकोट में जमीन दरकनी शुरू हो गई है। जमीन दरकने से यहां रह रहे 10 परिवारों को खतरा उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शीघ्र मौका मुआयना कर सुरक्षा की गुहार लगाई है।
जून से लगातार हो रही बारिश से यहां भूस्खलन जारी है। बहाली में हुए भूस्खलन से वहां रह रहे 18 परिवारों ने घर छोड़ दिया है। उन्हें प्रशासन ने कांडा तहसील में रखा है। अब कपकोट के दरखोला तोक में भी जमीन दरकनी शुरू हो गई है।
जिससे यहां रह रहे दरबान सिंह, हिम्मत सिंह, प्रताप सिंह, गोविंद सिंह, गोविंद गोरिला, महिमन सिंह, महिपाल सिंह, तारा सिंह, रमेश सिंह आदि लोगों के घरों को खतरा उत्पन्न हो गया है। इसी क्षेत्र से दूणी-सुकुंडा मार्ग का भी निर्माण हुआ है। जमीन दरकने से मार्ग को भी खतरा हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि गत दिनों हुई बारिश से जमीन दरकी। उन्होंने एक रात लोनिवि विश्राम गृह में शरण ली। वह रतजगा कर रहे हैं। भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेश कपकोटी ने बताया कि मार्ग के कलमठ भी खस्ताहाल में पहुंच गए हैं। उन्होंने सुरक्षा दीवार बनाने और खस्ताहाल कलमठों की मरम्मत करने की मांग की है।

Related posts