रानीखेत-गोपेश्वर रोडवेज सेवा दो महीने से बंद

द्वाराहाट। उत्तराखंड परिवहन निगम की क्षेत्र में संचालित कई सेवाएं अनियमित चल रही हैं जबकि रानीखेत-गोपेश्वर बस सेवा बंद हो गई है। इस कारण क्षेत्र के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को टैक्सी और केमू में सफर करना पड़ रहा है। इस कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
परिवहन निगम की रानीखेत डिपो की रानीखेत-गोपेश्वर सेवा पिछले दो माह से बंद है। जबकि हल्द्वानी डिपो से संचालित हल्द्वानी-दूनागिरी, हल्द्वानी-सिमलगांव सेवा अनियमित चल रही है। इस कारण क्षेत्रीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि 70 के दशक से हल्द्वानी-दूनागिरी सेवा नियमित चल रही थी लेकिन अब यह बस सेवा कई दिन बंद रहती है। इन दिनों यह बस एक दिन छोड़ कर संचालित की जा रही है।
इसके अलावा परिवहन निगम के रानीखेत डिपो की रानीखेत-गोपेश्वर सेवा दो महीने से बंद पड़ी है। क्षेत्र पंचायत सदस्य नंद राम, हेम रावत, आनंद बिष्ट, किशन सिंह, जिला पंचायत सदस्य जगदीश बुधानी, क्षेत्र पंचायत सदस्य कमला कांडपाल ने परिवहन निगम की कार्यप्रणाली पर रोष जताया है। परिवहन निगम रानीखेत के एआरएम पीए कुशवाहा ने बताया कि वाहनों की कमी और कुछ वाहनों के नीलाम हो जाने के कारण समस्या बनी हुई है। परिवहन निगम के हल्द्वानी डिपो के एआरएम सुरेंद्र बिष्ट ने बताया कि कई वाहन मेंटीनेंस के लिए भेजे गए हैं। शीघ्र व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।

Related posts