
जम्मू: पुंछ जिले से सटी नियंत्रण रेखा के पास कृष्णा घाटी में स्थित रूतम एवं बलाड सीमा चौकियों पर पाकिस्तान की तरफ से फिर घुसपैठ का प्रयास किया गया, लेकिन सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने मुस्तैदी का परिचय देते हुए इसे नाकाम कर दिया। जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब 5:10 बजे भारतीय सीमा सुरक्षा बल के जवानों पर कृष्णा घाटी की रूतम एवं बलाड चौकियों के पास नियंत्रण रेखा पर कुछ हलचल महसूस हुई, जिसे देखते हुए जवानों ने फायरिंग शुरू कर दी।
करीब 25 मिनट तक चली इस फायरिंग के चलते घुसपैठियों के मंसूबों पर पानी फिर गया और वे पाकिस्तान की तरफ लौट गए। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को ही पाकिस्तानी सेना के जवानों ने आतंकवादियों की मदद से नियंत्रण रेखा पार करके भारतीय क्षेत्र में घुसकर हमारी सेना के 5 जवानों को शहीद कर दिया था। इस वारदात के बाद से दोनों देशों के बीच तनाव का माहौल है और पूरी सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
