
जोगिंद्रनगर (मंडी)। बुधवार देर रात फिर भारी बारिश के कारण नेशनल हाईवे पठानकोट-मंडी जोगिंद्रनगर के हराबाग के पास लगभग सात घंटे ठप रहा। यहां हराबाग की पहाड़ी दरकने से यात्रियों को रात भर वाहनों में बैठ कर मार्ग खुलने का इंतजार करना पड़ा।
हराबाग पुल के पास पहाड़ी का बहुत बड़ा भाग हाईवे पर आ गया। साथ ही एक पेड़ भी जमींदोज हो गया। जिससे रात्रि के समय एनएच पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। ऐसे में यात्रियों को रात भूखे प्यासे वाहनों में बैठ कर काटनी पड़ी। वीरवार सुबह करीब आठ बजे लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी लगाकर बंद मार्ग में फंसे वाहनों की आवाजाही बहाल करवाई। लेकिन, मार्ग दिन में भी बार बार बाधित होता रहा। वाहनों की आवाजाही शानन-हरनाला बाईपास से होती रही। उधर, राष्ट्रीय उच्च मार्ग मंडल जोगिंद्रनगर के अधिशाषी अभियंता राजीव शर्मा ने मौके पर पहुंच कर जायजा लिया। उन्होंने निरीक्षण करने के बाद घटनास्थल पर दिन के समय में हाईवे ट्रैफिक पुलिस तैनात करने के लिए पुलिस प्रशासन से मांग की है। जिससे किसी प्रकार की अनहोनी न हो। लोक निर्माण विभाग राष्ट्रीय उच्च मार्ग गुम्मा के सहायक अभियंता कुशल कुमार ठाकुर ने कहा कि हराबाग की पहाड़ी दरकने से मार्ग रात्रि को फिर ठप रहा। उन्होंने कहा कि यहां हालात देखते हुए दो जेसीबी तैनात की गई हैं।
