
मंडी। छात्र संघ चुनाव की तिथि घोषित होते ही कालेजों में छात्र राजनीति तेज हो गई है। छात्र संगठन वोटर छात्रों को रिझाने तथा चुनावी प्रचार के लिए मैदान में उतर आए हैं। सत्रह अगस्त को कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में कालेजाें में कई छात्र संगठनों ने शक्ति प्रदर्शन कर चुनाव का बिगुल बजा दिया है। मंडी कालेज में अभाविप तथा एनएसयूआई के बीच इस बार कांटे की टक्कर के आसार हैं। वीरवार को वल्लभ महाविद्यालय में एनएसयूआई ने शक्ति प्रदर्शन की पहल कर दी है। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए रैली निकाली। रैली को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष विकास वर्मा ने कार्यकर्ताआें में जोश भरा।
जिला अध्यक्ष विकास वर्मा ने कहा कि इस बार मंडी कालेज में चुनाव का नतीजा हटकर होगा। कालेज में एनएसयूआई अपना परचम फहराएगी। कार्यकर्ताआें से आग्रह किया कि वे संगठन की जीत के लिए कड़ी मेहनत करें। दावा किया कि इस बार चाराें सीटों पर एनएसयूआई कब्जा जमाएगी। शक्ति प्रदर्शन के बीच एनएसयूआई कार्यकर्ताआें ने जमकर नारेबाजी की। वहीं, वोटर छात्रों से अपील की कि वे एनएसयूआई को अपना समर्थन दें। इस अवसर पर गीरू, ललित, बिक्की, सम्मी, विवेक, कपिल, सचिन, हमित, अमन, इशिका, दीपिका, ममता, आरती, हरीश भी मौजूद थे। मंडी कालेज में एबीवीपी का पिछले कई सालों से दबदबा रहा है। हर बार अभाविप तथा एनएसयूआई के बीच कांटे की टक्कर रहती है, मगर एनएसयूआई की जीत के रास्ते में एबीवीपी लगातार मील का पत्थर साबित हो रही है।
