
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर उपमंडल की निकटवर्ती पंचायत नेरघरवासड़ा के कुंडनी गांव में भारी बारिश के चलते जमीन धंसने से करीब बीस परिवारों के मकानों को खतरा पैदा हो गया है। ग्रामीणों ने वहां से हट कर अपने रिश्तेदारों के पास शरण लेनी शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने इस बारे में सूचना उपमंडलाधिकारी नागरिक जोगिंद्रनगर किशोरी लाल को दे दी है। ग्रामीण गुड्डो देवी, डिफा राम, प्रेम चंद, मंगो देवी, ब्रहमी देवी, नीमा देवी, निर्मला देवी, मुनी देवी, भूम कली, रोशनी देवी और गोपाल सिंह आदि ने बताया कि भारी बारिश के चलते उनके मकानों में दरारें पड़ गई हैं। जगह-जगह जमीन धंसने से ग्रामीणों को जान-माल का खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से आग्रह किया है कि उन्हें इस स्थान के अलावा किसी दूसरी सुरक्षित जगह पर जमीन दी जाए ताकि वे वहां पर सुरक्षित रह कर अपना मकान बना सकें। उन्होंने बताया कि गांव में एक ट्रांसफार्मर भी लगा है। जिसकी आसपास की जमीन धंस गई है और यह ट्रांसफार्मर कभी भी बड़े हादसे का सबब बन सकता है। उधर, वीरवार को प्रशासन की ओर से हलका पटवारी हरीदास ने क्षेत्र का दौरा किया और बताया कि भारी बारिश के चलते मगरू नाला से लेकर पाइप लाइन तक लगभग एक किमी के दायरे में बसे कुंडनी गांव के लोगों के मकानों में भूमि धंसने से दरारें आ गई है। इधर, शुक्रवार सुबह क्षेत्र के विधायक गुलाब सिंह ठाकुर इस क्षेत्र का दौरा करेंगे
