कार में 400 ग्राम चरस बरामद

बिलासपुर। कुल्लू से चंडीगढ़ जा रही एक कार से वीरवार को चरस बरामद की गई। कुल 400 ग्राम चरस को कार की बैक लाइट के पास भीतर की ओर छिपाकर रखा गया था। बिलासपुर में पकड़े गए चरस तस्करी के इस मामले में कार चालक तथा एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वीरवार को काले रंग की एक कार सीएच-03एक्स-0093 कुल्लू से चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि इस कार में चरस ले जाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर घागस पुल के पास उक्त गाड़ी को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वहां रुके बगैर गाड़ी भगा ले आया। इस पर बिलासपुर शहर में सदर थाना के पास एसएचओ राजकुमार की अगुवाई में पुलिस की एक टीम ने नाका लगा दिया। सुबह करीब 11 बजे घागस से आई उक्त कार को वहां रोका गया। तलाशी लेने पर कार से 400 ग्राम चरस बरामद की गई। इसे कार की बैक लाइट के पास छिपाकर रखा गया था। चरस तस्करी के इस मामले में पुलिस ने कार चालक चंडीगढ़ निवासी परमजीत सिंह के साथ ही कार सवार एक महिला को भी गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि कुल्लू से मंडी होते हुए बिलासपुर के रास्ते में कई पुलिस थाने व चौकियां आते हैं। इसके बावजूद चरस की यह खेप बिलासपुर तक पहुंच गई। अलबत्ता जिला पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी उसे चंडीगढ़ तक नहीं पहुंचा पाए। पुलिस अधीक्षक कपिल शर्मा ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपियों से इस बात को लेकर पूछताछ की जा रही है कि वे चरस कहां से लेकर आए थे और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

Related posts