दो हादसों में युवक की मौत, तीन घायल

कांगड़ा/गगल (कांगड़ा)। कस्बा गगल के साथ लगते दो अलग-अलग स्थानों में हुए सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर वाहनों को जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार वीरवार को दो युवक बाइक पर सवार होकर मैकलोडगंज से ज्वालाजी दर्शन के लिए जा रहे थे। पठानकोट-जोगिंद्रनगर हाईवे पर इच्छी के समीप उनकी बाइक एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में विजय कुमार (32) पुत्र किशन लाल निवासी हाउस नंबर 243 जालंधर सिटी की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार दूसरा युवक महेश कुमार (17) पुत्र पंचू राम निवासी जयतापुर, जिला बहरज, उत्तर प्रदेश गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को डा. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में ले जाया गया। वहां विजय कुमार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। महेश कुमार का इलाज चल रहा है। एक अन्य मामले में राजोल से गगल की ओर आ रही एक बाइक गज खड्ड के समीप स्किड हो गई। इसमें पालमुपर के एहजू निवासी राजकुमार और झारखंड निवासी संजय गोस्वामी घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। यातायात पुलिस प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts