13 माह की बच्ची से दुष्कर्म

धर्मशाला। जिला मुख्यालय के साथ लगती एक पंचायत में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना में तेरह महीने की दुधमुंही बच्ची से दुष्कर्म का कथित मामला सामने आया है। हैरत की बात यह है कि बच्ची के दूर के रिश्ते में ताया लगने वाले शख्स पर ही इस घिनौनी वारदात का आरोप है। पुलिस ने बच्ची की मां की शिकायत पर आरोपी रिश्तेदार को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि बच्ची का जोनल अस्पताल धर्मशाला में मेडिकल करवाया गया है। मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।
जानकारी के अनुसार शहर के साथ लगती एक पंचायत के गांव में बीते रोज यह संगीन वारदात उस वक्त सामने आई जब पीड़ित बच्ची की मां दुकान जाते वक्त बच्ची को आरोपी शख्स के पास छोड़ गई। बताया जा रहा है कि रिश्ते में बच्ची का ताया 45 वर्षीय आरोपी व्यक्ति ने पीछे से इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बच्ची को गंभीर हालत में जोनल अस्पताल धर्मशाला लाया गया। जहां बच्ची की प्राथमिक चिकित्सा के साथ उसका मेडिकल भी करवाया गाया। मेेडिकल की प्रारंभिक रिपोर्ट और पीड़ित बच्ची के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 376 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इस मामले में पुलिस मेडिकल रिपोर्ट की फाइनल ओपिनियन का इंतजार कर रही है। उधर, एडिशनल एसपी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। केस की गहनता से छानबीन की जा रही है।

Related posts