
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। अब स्कूली बच्चों को छात्रवृत्ति लेने के लिए एक और औपचारिकताएं पूरी करनी होगी। आधार कार्ड के बिना बच्चों को छात्रवृत्ति नहीं मिलेगी। प्रदेश सरकार की ओर से शिक्षा विभाग को जारी फरमान के बाद विभाग तत्काल हरकत में आया है। सभी स्कूलों को आधार कार्ड बनाने संबंधी सूचना दी गई है।
पहले छात्रवृत्ति लेने के लिए विद्यार्थियों को आय प्रमाणपत्र बनवाना पड़ता है लेकिन अब आधार कार्ड के नंबर भी दिखाने होंगे। इसके बाद ही छात्रवृत्ति मिलेगी। पहली से बाहरवीं कक्षा तक के सभी छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड बनवाना अनिवार्य कर दिया है। सरकार के इस फरमान से अभिभावक खासे नाराज हैं। जानकारी के मुताबिक लाहौल घाटी के सभी बच्चों को आधार कार्ड बनावाने के लिए केलांग जाना पडे़ेगा। इसके लिए तिथि निर्धारित की जा रही है।
अभिभावक रामनंद, सुरेश कुमार, राहुल बौद्ध, सुनीता और रजनी का कहना है कि आधार कार्ड सभी सेंटर स्कूलों में बनवाए जाएं। शिक्षा उपनिदेशक प्रेमनाथ परशीरा ने बताया कि सरकारी निर्देशों को पालन किया जा रहा है। उन्होंने सभी स्कूलों के मुख्याध्यापकों तथा प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे अपने स्कूल के अधीन सभी विद्यार्थियों के आधार कार्ड जरूर बनवाएं। परशीरा ने बताया कि छात्रवृत्ति लेने के लिए फिल्हाल छात्रों को आधार कार्ड बनाना जरूर नहीं है। बल्कि उनका आय प्रमाणपत्र से भी काम चल पडे़गा।
