
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर अमली जामा पहनाने के लिए अधिकारियों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। डीएम ने हर सप्ताह मुख्यमंत्री द्वारा घोषित विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जिला कार्यालय सभागार में अधिकारियों की बैठक लेते हुए जिलाधिकारी डा. नीरज खैरवाल ने क्वीतड़ से हल्दू, दीगरा से तड़ीगांव, पिथौरागढ़ से बांस जाने वाली सड़क के अवशेष कार्य, एंचोली से जाजरदेवल तक और शहर के विभिन्न मार्गों में होने वाले हाटमिक्स के साथ ही आदिचौरा से मुनस्यारी, सिमल्ता से भिनगढ़ी बासीखेत, गड़तिर से पुरानाताल, पोखरी से चंडिकाघाट मोटर मार्गों में डामरीकरण, सेराघाट से सिरतोली, नारायण आश्रम सिर्दांग, रूंग, जयकोट, खरतोली से छिपलाकेदार, बौना से धरतीधार, सुमदुंग, मलौनधूरा संपर्क मार्ग के साथ ही मुनस्यारी, नाचनी, बांसबगड़ में नाली निर्माण की घोषणाओं पर एक सप्ताह के भीतर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
पेयजल निगम के अधिकारियों ने बताया कि चौकोड़ी, बेरीनाग, पिथौरागढ़ की आंवलाघाट, फगालीगाड़, डीडीहाट की गर्खा लिफ्ट पेयजल योजना के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। बैठक में एडीएम बीएल राना समेत तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
