250 लोग बीमारी से निढाल

थल (पिथौरागढ़)। पांखू क्षेत्र में बुखार, उल्टी, हाथपैर में दर्द की बीमारी से 250 लोग प्रभावित हैं, लेकिन स्वास्थ्य महकमे ने बुधवार को भी मरीजों की सुध नहीं ली। लोग बाजार से दवा खरीदकर रोग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। सीएमओ ने बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य दल संबंधित इलाकों में भेजने की बात कही है।
पाखूं के कोटगाड़ी, प्यारा, सिल्डों, मदीगांव, चन्याटी, ओड्यूड़ा, भैंसखेत, पामती, समेत 10 गांव में कम से कम 250 लोग बीमार पड़े हैं। बीमारी ने आज से नहीं पिछले 10, 12 दिनों से ग्रामीणों को जकड़ रखा है। अमर उजाला ने बुधवार के अंक में इस पर विस्तार से खबर प्रकाशित की थी। हमने कोटगाड़ी क्षेत्र में कुछ बीमार लोगों के घरों में जाकर पड़ताल की तो कोटगाड़ी के गिरीश चंद्र जोशी (70) 10 दिन से, पुरुषोत्तम जोशी (80) 12 दिन से, जानकी देवी (62) आठ दिन से, माया जोशी (15) पांच दिन से बिस्तर पर पड़े हैं। परिजन बाजार से दवा खरीदकर ला रहे हैं।
पुंगराऊं घाटी एकता मंच के अध्यक्ष दिनेश आर्या ने बताया कि तमाम गांवों में लोग बीमारी से निढाल पड़े हैं। स्वास्थ्य विभाग को जानकारी देने के बाद भी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने कहा कि दो दिन के भीतर इलाज की सुविधा नहीं मिली तो आंदोलन छेड़ दिया जाएगा। उधर, जिले के मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जीबी बिष्ट का कहना है कि प्रभावित इलाकों में आठ अगस्त को स्वास्थ्य दल पहुंचेंगे।

Related posts