
लालकुआं। पांच माह पूर्व एक किशोरी को बंधक बनाकर ले जाने और फिर जबरन ब्याह कराने के बाद उसके साथ इतने लंबे समय तक दुराचार किया गया। पीड़िता के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से न्याय मांगा है। उसका कहना है कि बेटी को वह आरोपियों के चंगुल से छुड़ाकर ले आया है, पर उसकी जिंदगी बर्बाद करने वालों को सजा दिलानी बाकी है।
15 वर्षीय किशोरी के पिता ने तहरीर में कहा है कि पांच माह पूर्व यूपी के बिलासपुर निवासी 4 लोग उसकी बेटी को हाट बाजार के निकट से बहला फुसलाकर ले गए। आरोप है कि उक्त लोगों ने लेखराज नाम के युवक से उसका विवाह करा दिया। उसने तहरीर में लिखा है कि पांच माह तक उसकी बेटी के साथ दुराचार किया गया।
जब उसके बिलासपुर में होने की सूचना मिली तो वह उसे आरोपी युवक के चुगंल से छुड़ाकर लाए। पुलिस ने देर शाम किशोरी और उसके परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
