
चंबा (टिहरी)। नए सत्र में प्रवेश के लिए कांउसिलिंग शुरू होते ही गढ़वाल विवि के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में चहल-पहल शुरू हो गई है। कालेज प्रशासन ने स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाएं 16 अगस्त से विधिवत शुरू करने का निर्णय लिया है। छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्नातकस्तर पर 20 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
बीएससी प्रथम, बीकॉम और बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए बादशाहीथौल परिसर में कांउसिलिंग शुरू हो गई है। परिसर निदेशक प्रो. आरसी रमोला ने बताया कि बढ़ती छात्र संख्या को ध्यान में रखते हुए विवि ने स्नातक स्तर पर 20 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इससे अब स्नातक प्रथम वर्ष में अधिक से अधिक छात्रों को प्रवेश दिया जा सकेगा। इस वर्ष बादशाहीथौल में स्नातक स्तर पर भौतिक विज्ञान और गणित में 150 सीटों के स्थान पर 180 सीटें, जंतु विज्ञान में 200 के स्थान पर 240 तथा रसायन विज्ञान में 300 के स्थान पर 360 सीटें निर्धारित कर दी गई हैं। आपदा पीड़ित छात्र-छात्राओं को निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। वर्तमान सत्र से छात्राओं के लिए महिला छात्रावास भी प्रारंभ किया जा रहा है। पुरूष छात्रावास में 390 छात्र तथा महिला छात्रावास में 96 छात्राओं के रहने की व्यवस्था है।
