जसपुर में स्थापित होगा टेक्सटाइल पार्क

काशीपुर। कुमाऊं गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (केजीसीसीआई) के बैनर तले सिडकुल द्वारा जसपुर में टेक्सटाइल पार्क विकसित करने के संबंध में बैठक का आयोजन किया गया।
एक होटल सभागार में आयोजित बैठक में टेक्सटाइल कंसलटेंट मनीश त्यागी ने बताया कि टेक्सटाइल मंत्रालय द्वारा विभिन्न राज्यों में टेक्सटाइल पार्क विकसित करने की योजना है। इसके तहत उत्तराखंड सरकार ने विभिन्न टेक्सटाइल उत्पादों के निर्माण के लिए जसपुर में 70 एकड़ भूमि में स्पिनिंग मिल की स्थापना का निर्णय लिया गया है। पीपीपी मोड में निजी सहभागिता 51 और सिडकुल की 49 फीसदी रहेगी। इकाइयों को उचित दरों पर भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। त्यागी ने बताया कि पार्क में कॉमन एफल्यू एण्ट ट्रीटमेंट प्लांट, एक मध्यम साइज सभागार के साथ आधुनिक प्रदर्शनी केंद्र, दो हजार श्रमिकों की क्षमता का श्रमिक हॉस्टल, स्टाफ व श्रमिकों के लिए प्राइमरी स्वास्थ्य केंद्र, प्रबंधकों के लिए 2 आवासीय टावर, बैंक, स्टोर, पोस्टऑफिस काउंटर व माल के यातायात की व्यवस्था प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि भूमि सहित 135 करोड़ की अनुमानित लागत से प्रस्तावित टेक्सटाइल पार्क का निर्माण किया जाएगा। इस मौके पर मंडी परिषद अध्यक्ष डा. शैलेंद्र मोहन सिंघल, एसके शर्मा, एनके कोरंगा, योगेश जिंदल, मनीष त्यागी, आलोक गोयल, सुशील जिंदल, अश्वनी छाबड़ा, संजय अग्रवाल, वीके छाबड़ा, मुनीर अहमद, पुनीत सिंघल, एससी गुप्ता, एसके सिंह आदि मौजूद थे।

Related posts