
रानीखेत। आबकारी मुहल्ले में तेंदुए का खौफ कम नहीं हुआ है। वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में वह दूसरे दिन भी कैद नहीं हो सका। स्थानीय लोगों ने बुधवार की सुबह भी उसे नाले के आसपास विचरण करते देखा है। धोबी मुहल्ला और उसके निचले हिस्से में भी तेंदुए के घूमने की सूचना है।
बरसात के मौसम में आबकारी सहित आसपास के क्षेत्रों में बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। जिस कारण जंगली जानवर सक्रिय हो रहे हैं। रविवार शाम आबकारी मुहल्ले में तेंदुआ घुसने की खबर से स्थानीय लोगों में भय बना हुआ है। वन विभाग ने यहां पिंजरा लगाया है लेकिन तेंदुआ आसपास नहीं आया। स्थानीय निवासी चितरंजन मंगोली ने बताया कि बुधवार की सुबह भी कई स्थानों पर तेंदुए को देखा गया है। इधर धोबी मुहल्ला और आसपास के इलाकों में भी तेंदुए के आने की खबरें हैं। वन क्षेत्राधिकारी दीवानी राम ने बताया कि अभी तीन दिन तक पिंजरा लगा रहेगा। क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता का एक प्रमुख कारण लावारिस कुत्तों की बढ़ती संख्या भी मानी जा रही है।
