जापानी को ठगने वाले तीन दबोचे गए

नई दिल्ली। नई दिल्ली पुलिस जिला पुलिस ने जापानी नागरिक को बंधक बनाकर उसके साथ ठगी करने में लगे हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से आर्टिफिशियल ज्वेलरी और 41 हजार रुपये मिले हैं। नई दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त एसबीएस त्यागी ने बताया कि मामले को सुलझाने के लिए स्पेशल सेल की मदद ली गई थी। आरोपी फर्राटेदार अंग्रेजी बोलते हैं।
आरोपियों के नाम जयपुर निवासी रिषिराज व पंकज शर्मा और दिल्ली निवासी प्रवीण है। आरोपियों के खिलाफ एक दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं और ये ज्यादातर विदेशियों को ही अपनी ठगी का शिकार बनाते थे। जापानी युवक कुछ दिन पहले राजस्थान में पुष्कर गया था। यहां पर उसकी पंकज और रिषिराज से मुलाकात हो गई। इन लोगों ने जापानी युवक को बोला कि वह उसे सस्ते दामों पर एंटीक ज्वेलरी दिलवा देंगे, जिसे वह जापान में जाकर दोगुने दामों पर बेच सकता है। जापान में उनका व्यक्ति उससे ये ज्वेलरी खरीद लेगा।
आरोपी जापानी युवक को पुष्कर से दिल्ली ले आए और उससे महिपालपुर में एक गेस्ट हाउस में बंधक बनाकर रखा हुआ था। प्रवीण ने जापानी युवक को कोरियर बनाकर बनकर ज्वेलरी को जापान भिजवाने की बात की थी। आरोपियों ने ज्वैलरी देने के नाम पर जापानी युवक से करीब आठ लाख रुपये ठग लिए। इसके बाद आरोपियों के एक साथी ने कस्टम अधिकारी बनकर जापानी युवक को फोन किया और उसके क्रेडिट कार्ड से 50 हजार रुपये निकलवा लिए।

Related posts