आसमानी बिजली गिरने से युवक की मौत

नई दिल्ली। न्यू अशोक नगर इलाके में मंगलवार शाम सड़क पर जा रहे युवक पर आसमानी बिजली गिर गई। पास से गुजर रहे तीन-चार लोग भी मामूली रूप से जख्मी हो गए । घायलों को एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां युवक को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि बाकी लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस के मुताबिक मृतक की शिनाख्त अवधेश यादव (35) के रूप में हुई है। अवधेश अपने परिवार के साथ जीडी कालोनी, न्यू अशोक नगर इलाके में रहता था। इसके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। अवधेश, नोएडा की एक कंपनी में काम करता था। मंगलवार शाम को वह अपने ऑफिस की कैब से उतरकर पैदल घर जा रहा था। इस बीच बारिश के दौरान एक खाली प्लॉट के पास अचानक तेज आवाज के साथ बिजली अवधेश पर गिर गई। पास से गुजर रहे तीन-चार लोग भी मामूली रूप से झुलसे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अवधेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अवधेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Related posts