सीएम ने बिल्डर पर कार्रवाई के दिए आदेश

सोलन। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह बुधवार दोपहर को दिल्ली से शिमला जाते समय सोलन कांग्रेस भवन में कुछ देर के लिए रुके। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ता सुरेंद्र सेठी, रमेश ठाकुर, हरदीप सिंह बाबा, अमन सेठी, रोहित ठाकुर, मंजुल अग्रवाल और पुनीत मौजूद रहे।
इसी बीच वार्ड नंबर छह का एक प्रतिनिधिमंडल रास्ते की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से मिला। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि वार्ड नंबर छह में रास्ता एक बिल्डर ने तोड़ दिया है, उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई करने में हिचकिचा रही है। बिल्डर को रास्ता बनाने के लिए तीन दिन का समय दिया गया था मगर आज सप्ताह बीतने पर भी रास्ता वैसा ही उखड़ा हुआ है। इस पर मुख्यमंत्री ने थाना सोलन के प्रभारी अनिल धोल्टा को बिल्डर के खिलाफ तुरंत एक्शन लेने के आदेश दिए। उन्होंने अपने निजी सचिव से कहा कि यदि पुलिस इस मामले में ढील रखती है तो पुलिस अफसरों पर भी शिकंजा कसा जाए।
वहीं उसके बाद उन्होंने चंबाघाट के समीप विश्राम गृह के लिए जगह का निरीक्षण भी किया। प्रतिनिधिमंडल में वार्ड नंबर 6 के विशाल वर्मा, मदन लाल शर्मा, अश्विनी ठाकुर, उजागर सिंह, जेसी शर्मा, देवो सेठ, आशा लता, सोनिया ठाकुर, कांता शर्मा, सुमित शर्मा, बाबी सेठ मौजूद रहे। वहीं इस बारे में पुलिस थाना सोलन के एसएसओ अनिल धोल्टा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। हालांकि बिल्डर पर पहले ही केस दर्ज किया जा चुका है।

Related posts