बद्दी में तीन सौ कनेक्शन कटे

बद्दी (सोलन)। बिजली बोर्ड के बद्दी उपमंडल के तहत समय पर बिजली के बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं पर बोर्ड ने शिकंजा कस दिया है। जून माह के बिजली के बिल जमा न करवाने पर बोर्ड ने करीब तीन सौ उपभोक्ताओं के अस्थायी रूप में बिजली के कनेक्शन काट दिए हैं। बोर्ड ने चेताया है कि अब बिल जमा करवाने के बाद ही कनेक्शन जोड़ दिए जाएंगे। वहीं आधा दर्जन उद्योगों पर भी बोर्ड ने शिकंजा कस दिया है।
मौजूदा समय में बद्दी उपमंडल के तहत 9 हजार उपभोक्ता घरेलू हैं और लगभग एक हजार उपभोक्ता व्यवसायिक हैं। जून माह में बिजली बोर्ड ने अपने सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से बिजली के बिल जारी किए, लेकिन जुलाई माह में करीब तीन सौ घरेलू उपभोक्ताओं ने बिजली के बिल जमा नहीं किए। जिसके लिए इन उपभोक्ताओं को बिल जमा कराने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया, लेकिन इस दौरान भी उन्होंने बिल जमा नहीं करवाए। अब अतिरिक्त समय देने के बावजूद भी बिल जमा न कराने पर बिजली बोर्ड ने यह कार्रवाई अमल में लाई है। वहीं इस संबंध में बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता राजीव सूद ने बताया कि बोर्ड का यह रूटीन का कार्य है। बोर्ड ने जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे हैं अगर वे बिजली के बिल जमा करवा देते हैं। उनके दोबारा बिजली के कनेक्शन जोड़ दिए जाएंगे। उपभोक्ताओं को भी समय पर बिलों की अदायगी कर देनी चाहिए।

Related posts