
महादेव (मंडी)। सुंदरनगर के जुगाहण में भारी बारिश से दो गरीब परिवारों के मकान ध्वस्त हो गए हैं। पंचायत ने बेघर परिवार को महिला मंडल भवन में शरण देने की पेशकश की है। वहीं, प्रशासन की ओर से तीन-तीन हजार की राशि सहित तिरपाल दिए हैं।
जुगाहण पंचायत के वार्ड संख्या सात में भारी बारिश से तारा चंद का चार कमरों का दो मंजिला मकान अचानक गिर गया। जिस समय घटना हुई उस वक्त तारा चंद, हिम्मत राम के बच्चे, पत्नी अचानक ही घर से बाहर निकले थे। घटना में मकान की एक तरफ की दोनों दीवारें ढह गईं और पूरा मकान एक तरफ झुक गया है। जिसका मलबा कभी भी साथ लगते मकान पर गिर सकता है। आईआरडीपी परिवार से संबंधित सभी आठ सदस्य सुरक्षित हैं। पंचायत प्रधान चंचला देवी और वार्ड सदस्य हिमाचली ठाकुर ने घटना की सूचना प्रशासन तथा राजस्व विभाग को दी और तारा चंद के परिवार को अस्थायी तौर पर महिला मंडल भवन में रहने की पेशकश की है। दूसरी घटना में इसके निकट ही आईआरडीपी परिवार से संबंधित जीवा नंद पुत्र चमारू राम का दो मंजिला मकान जमींदोज हो गया। जब घटना हुई उस समय जीवा नंद के परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर ही थे। पंचायत प्रधान और वार्ड सदस्य ने जीवा नंद के मकान के गिरने का सूचना राजस्व विभाग और उच्च अधिकारियों को दी। इधर, सुंदरनगर में नायब तहसीलदार वेद प्रकाश ने प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत के रूप में तीन-तीन हजार की राशि सहित तिरपाल जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि पंचायत से तारा चंद के परिवार को अस्थायी तौर पर रहने की व्यवस्था करने के लिए कहा गया है।
