
जुखाला (बिलासपुर)। जुखाला क्षेत्र के एक गांव से लापता हुई एक विवाहिता को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ढूंढ निकाला। चार दिन पूर्व लापता हुई विवाहिता की गुमशुदगी का मामला गत मंगलवार को ही बरमाणा थाना में दर्ज हुआ था। पुलिस ने मंगलवार को ही महिला को नम्होल क्षेत्र में ट्रेस आउट कर लिया, जहां वह अपनी सहेली के पास थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भोली गांव के एक व्यक्ति ने गत मंगलवार को खारसी चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। व्यक्ति के अनुसार उसकी शादी चार-पांच माह पूर्व हुई थी। गत चार अगस्त को परिजनों ने उसे सूचित किया कि उसकी पत्नी बगैर किसी को कुछ बताए घर छोड़कर चली गई है। वह कहां गई है, इस बारे उसने किसी को नहीं बताया। परिवार के सदस्यों ने उसे यह भी बताया कि उसकी पत्नी के कंदरौर पुल के पास पहुंचने की जानकारी मिली है।
कंदरौर पुल से गोबिंद सागर में छलांग लगाकर आत्महत्या करने के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं। ऐसे में शिकायतकर्ता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए गत मंगलवार को ही बरमाणा थाना में आईपीसी की धारा 363 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई। एसपी कपिल शर्मा ने बताया कि गत मंगलवार को ही गुमशुदा विवाहिता को नम्होल में उसकी सहेली के घर में ट्रेस आउट कर लिया है। उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
