
केलांग। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र चंगुट का दौरा कर लौटे पूर्व मंत्री डा. राम लाल मारकंडेय ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। मारकंडेय ने कहा कि चंगुट में बाढ़ आने के एक सप्ताह बाद भी प्रशासन और सरकार की तरफ से राहत कार्य के नाम पर कुछ नहीं किया गया है। विधायक रवि ठाकुर पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बाढ़ से हुए भारी नुकसान के बावजूद विधायक ने अभी तक न तो स्पीति के शिचिलिंग और न ही मयाड़ घाटी के चंगुट गांव का दौरा किया है। उन्होंने कहा कि मयाड़ घाटी में हरा मटर खेतों में पक कर तैयार है, लेकिन पुल की व्यवस्था न होने से करोड़ों का हर मटर खेतों में ही सड़ने की कगार पर है। मारकंडेय ने कहा कि कांग्रेस ने जब से सत्ता संभाली है, विकास करने के बजाय अदला-बदली के हथकंडों में व्यस्त है। घाटी के स्वास्थ्य संस्थानों में डाक्टरों और दवाइयों का टोटा चल रहा है, जबकि किसानों को सब्सिडी पर मिलने वाली कीटनाशक दवाइयां उपलब्ध नहीं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि विधायक ने चुनाव जीतने के बाद अभी तक महज एक बार ही घाटी का दौरा किया है, जबकि लाहौल-स्पीति की जनता अनगिनत समस्याओं से जूझ रही है। मारकंडेय ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आते ही भाजपा से जुडे़ ठेकेदारों को लोनिवि और आईपीएच में टेंडर देना बंद कर दिया है। मारकंडेय ने प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से अपील की है कि बाढ़ प्रभावित दोनों क्षेत्रों में जल्द से जल्द मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाए।
