खंड कार्यालय में प्रधानाध्यापिका ने लगाया बिस्तर

गरुड़। आवासीय भत्ता नहीं मिलने से क्षुब्ध प्राथमिक विद्यालय अमोली की प्रधानाध्यापिका ने मंगलवार दोपहर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बिस्तर लगाकर अपना आशियाना बना लिया। आनन-फानन में पहुंचे थानाध्यक्ष के आश्वासन पर अध्यापिका ने 19 घंटे के लिए आंदोलन स्थगित कर दिया।
प्राथमिक विद्यालय अमोली की प्रधानाध्यापिका भगवती गोस्वामी का आरोप है कि लंबे समय से मांग उठाने के बावजूद उन्हें आवासीय भत्ता नहीं मिल रहा है। आक्रोशित प्रधानाध्यापिका बुधवार को अपने स्कूल की छुट्टी के बाद बिस्तर लेकर अकेले बीईओ कार्यालय पहुंच गई और कार्यालय को अपना आशियाना बना लिया। अचानक आई प्रधानाध्यापिका के बिस्तर लगाने से बीईओ कार्यालय के कर्मचारी और उप खंड शिक्षा अधिकारी चंपा आर्या देखती रह गईं। आंदोलित प्रधानाध्यापिका का कहना है कि आवासीय भत्ते का भुगतान करने में बीईओ उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। उधर सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष भूप्रेंद सिंह पंचपाल मौके पर पहुंचे। उनके समझाने पर आंदोलन 19 घंटे तक के लिए स्थगित कर दिया। प्राथमिक शिक्षक संगठन के ब्लाक अध्यक्ष भुवन ममगई, नवीन मिश्रा, सुंदर सिंह, गोपाल सिंह कुटोलिया, गणेश पांडे ने आंदोलन स्थल पर जाकर अध्यापिका को अपना समर्थन दिया।

Related posts