
पिथौरागढ़। जिला चिकित्सालय में की गई दवाओं की खरीद की जांच होगी। ये आदेश मंगलवार को जिला चिकित्सालय प्रबंधन समिति की बैठक में जिलाधिकारी डा. नीरज खैरवाल ने दिए। उन्होंने खरीद की सभी पत्रावली जांच अधिकारी एडीएम और वरिष्ठ कोषाधिकारी को देने के निर्देश दिए। साथ ही बाहर से दवा लिखने वाले डॉक्टरों की जांच भी की जाएगी।
समिति ने महिला अस्पताल में किए जाने वाले कार्यों के लिए बजट को अनुमोदित किया। महिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, अन्य जरूरी उपकरण, निर्माण आदि के लिए शासन को पत्र भेजने को कहा। महिला अस्पताल में संविदा में तैनात कार्मिकों के मानदेय के लिए कार्रवाई करने की हिदायत दी है। 15 हजार रुपये से अधिक के उपकरणों की खरीद के लिए क्रय समिति के माध्यम से खरीदने के निर्देश दिए।
जिला अस्पताल में सफाई व्यवस्था ठीक न होने पर ठेकेदार को नोटिस जारी करने और भोजन व्यवस्था की भी जांच करने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया। बैठक में सीएमओ डा. जीबी बिष्ट, सीएमएस डा. एनएस कुटियाल, डा. निर्मला पुनेठा, जिला होम्योपैथी अधिकारी डा. एबी भट्ट, एडीएम बीएल राणा, वरिष्ठ कोषाधिकारी हेमेंद्र गंगवार, सदस्य महेश मखौलिया, हयात लुंठी आदि मौजूद थे।
