
चंपावत। नवोदय विद्यालय समिति के तत्वावधान में यहां नवोदय विद्यालय में छात्राओं का गाइडिंग का प्रशिक्षण जारी है। मंगलवार को छात्राओं ने गाइडिंग से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया। आज 20 नए गाइड भी प्रशिक्षण में जुड़ गए हैं।
नवोदय विद्यालय के प्राचार्य डा. एसएस पांडे ने कहा कि स्काउट और गाइड संस्था से हर बच्चे को जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की यह कोशिश है कि हर स्कूल में स्काउट गाइड प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से शुरू किए जाएं। आज प्रशिक्षण में ध्वज शिष्टाचार, प्राथमिक सहायता, पट्टी बांधना, अनुमान लगाना, खोज चिह्न की पहचान जैसी जानकारियां दी गई। बाद में इन विषयों में परीक्षा भी कराई गई। परीक्षा में उत्तीर्ण गाइड राज्य पुरस्कार जांच शिविर में हिस्सा लेंगे। अनुप्रिया राय पूरी कंपनी का नेतृत्व कर रही हैं। प्रशिक्षण देने वालों में जिला कमिश्नर गाइड कल्पना धामी, डा. बीसी जोशी, मदन राम आर्य, गौरीशंकर जोशी, हेमानाथ रावल, नवोदय की गाइड प्रभारी नीलू मठपाल, घनाक्षी उप्रेती, आकांक्षा पांडे, जयलक्ष्मी पांडे सहयोग कर रहे हैं। प्रशिक्षण का समापन कल बुधवार को होगा। इस मौके पर प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रशिक्षण में शामिल छात्राओं में भारी उत्साह दिखाई दे रहा है। नवोदय में इन दिनों चहल पहल हो रही है।
