
काशीपुर। लोगों के दिलों में अब खाकी वर्दी का डर नहीं रह गया है। जसपुर में एक सिपाही को पिटे अभी 48 घंटे भी नहीं हुए कि एक ट्रक चालक ने सूर्या चौकी के एक दीवान को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया।
मंगलवार को सूर्या चौकी के दीवान विजय कुमार हरियावाला चौक स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में ड्यूटी पर थे। तभी एक ट्रक चालक ने सामने लाकर ट्रक खड़ा कर दिया। दीवान ने उसे ट्रक हटाने को कहा तो चालक ने अनसुनी कर दी। इसी बात पर सिपाही के फटकारने पर ट्रक चालक असलम पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी इस्लामनगर ने रॉड से दीवान पर प्रहार कर दिया। रॉड के प्रहार से दीवान जख्मी हो गया। लोगों ने चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। कुंडा थानाध्यक्ष मनीष उपाध्याय ने बताया कि घायल दीवान का सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया है। फिलाहल वह ड्यूटी पर लौट गया है। हमलावर ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया।
