ट्रांसफार्मर फुंकने से 20 घंटे तक छाया अंधेरा

काशीपुर। बिजली विभाग की लापरवाही के चलते एक कालोनी के लोगों को 20 घंटे से अधिक बिना बिजली के रहना पड़ा। कई बार अधिकारियों व कर्मचारियों को ट्रांसफार्मर फुंकने की सूचना के बाद भी घंटों तक ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से उपभोक्ताओं में खासा रोष व्याप्त है।
सोमवार की देर रात ओवर लोडिंग के चलते पशुपति विहार कालोनी का ट्रांसफार्मर फुंक गया। बरसात के चलते रात में काम नहीं हो पाने पर लोगों ने विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को कोई सूचना नहीं दी। मंगलवार तड़के सूचना दे दी गई। कालोनी वासी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि देर शाम तक जब ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो लोगों में रोष व्याप्त हो गया है। बताते हैं कि अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। आरोप है कि ग्रामीण एसडीओ प्रकाश चंद्र शाह से उपभोक्ता ट्रांसफार्मर बदलवाने की गुहार लगाते रहे, लेकिन शाम तक ट्रांसफार्मर नहीं लग सका। इधर विभाग के ईई एसएस उस्मान के संज्ञान में जब मामला आया तो उन्होंने एक 100 केवीए का ट्रांसफार्मर शीघ्र कालोनी में लगाने के आदेश दे दिए। आखिरकार 20 घंटों के बाद कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर बदलने की कार्रवाई शुरु कर दी।

Related posts