स्कूल बस ने यूकेजी के छात्र को कुचला

नई दिल्ली बवाना थाना क्षेत्र के दरियापुर कलां इलाके में मंगलवार दोपहर प्राइवेट स्कूल की बस ने यूकेजी के छात्र शिवम (5) को रौंद दिया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना के समय बच्चा बस से उतर रहा था। तभी चालक ने बस चला दी जिससे शिवम पिछले पहिये के नीचे आ गया। परिजनों ने चालक और हेल्पर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

परिजनों का आरोप है कि चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है। इसको लेकर उन्होंने रात में थाने पर हंगामा किया। मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक , दरियापुर कलां निवासी सतीश कुमार का बेटा शिवम इलाके में स्थित विद्या ज्योति शिक्षा सदन स्कूल की यूकेजी में पढ़ता था। वह रोजाना स्कूल के ही बस से स्कूल जाता था। मंगलवार दोपहर एक बजे छुट्टी होने के बाद वह बस से आया था। हेल्पर रवि सभी बच्चों को बस से नीचे उतार रहा था। सबसे अंत में शिवम को नीचे उतारा। शिवम के उतरते ही चालक रमेश कुमार ने बस चला दी। रवि से टकराने के बाद शिवम गिर पड़ा। लोगों ने शोर मचाया तब तक शिवम पिछले पहिये के नीचे आ गया। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पिता के सामने हुआ हादसा
जिस जगह पर घटना हुई वहीं सतीश कुमार की परचून की दुकान है। स्कूल से आने के बाद सतीश शिवम को लेकर घर जाता था। बस से उतरने वक्त शिवम पिता को देखकर मुस्कुराया लेकिन अगले ही पल सब कुछ मातम में बदल गया। शिवम के गिरने पर सतीश ने चालक को बस रोकने के लिए आवाज लगाई लेकिन तब तक शिवम पिछले पहिये के नीचे आ चुका था। वहीं बच्चे की मौत की खबर घर पहुंचते ही वहां कोहराम मच गया। उसकी मां खबर सुनते ही बेसुध हो गई।

परिजनों ने थाने पर किया हंगामा
परिजनों ने बताया कि यह बस स्कूल की है। उसके चालक रमेश के पास लाइसेंस नहीं है। परिजनों ने पुलिस से इसका जिक्र एफआईआर में करने को कहा, लेकिन पुलिस ने इनकार कर दिया। इससे गुस्साए परिजन रात में शव को लेकर थाने पहुंचे और प्रदर्शन किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि बस में कोई नियमित चालक नहीं है। हर दिन अलग-अलग लोग बस को चलाते हैं।

Related posts