जहरीली गैस से मजदूर की मौत

नई दिल्ली। आनंद विहार इलाके में पांच सितारा होटल हॉलिडे-इन के बाहर सीवर की सफाई करते वक्त जहरीली गैस रिसने से मजदूर पृथ्वी (22) की मौत हो गई। लापरवाही का मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, पृथ्वी पुराना सीलमपुर में रहता था। वह अस्थाई रूप से सीबीडी ग्राउंड स्थित पांच सितारा होटल में सफाई का काम करता था। हादसा सोमवार दोपहर हुआ। होटल के सामने सीवर की नाली बंद थी। होटल के लोगों ने उससे नाली खोलने को कहा। पृथ्वी अंदर घुसकर बाल्टी से पानी निकालने लगा। तभी वह बेहोश हो गया। लोगों ने पृथ्वी को डॉक्टर हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई होगी।

Related posts