
बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत चकमोह के वार्ड नंबर चार में पशुशाला और मकान जल गए। सोमवार रात को हुई घटना से परिवार का लगभग 60 हजार रुपये का नुकसान आंका गया है। आग लगने की सूचना मिलते ही गांव के काफी लोग जमा हो गए तथा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के दौरान तीन लोग झुलस भी गए है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने प्रभावित परिवार को पांच हजार रुपये सहायता दी।
सोमवार रात को धनी राम पुत्र संत राम की पशुशाला में आग लग गई। पशुशाला में रखी घास के जलने से स्लेटपोश मकान ने आग पकड़ ली तथा एक कमरा जल गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। धनी राम आईआरडीपी परिवार से संबंध रखता है। दिहाड़ी लगाकर परिवार का पालन पोषण कर रहा है। धनी राम ने बताया कि रात को परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। इसी बीच पत्नी ने उसे उठाया और बताया कि पशुशाला में आग लग गई है। शोर मचाया तो आसपास के लोग भी आ गए तथा आग बुझाने में सहायता की। आग लगने से पशुशाला, स्लेटपोश मकान का एक कमरा जलकर राख हो गया लेकिन नीचे के कमरे में सामान सुरक्षित बच गया। प्रशासन की तरफ से पीड़ित परिवार को 5 हजार रुपये की तत्काल राहत दी गई। ग्राम पंचायत प्रधान पवन जगोता ने पीड़ित परिवार को पंचायत की तरफ से हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया।
अग्निकांड में पीड़ित धनी राम को लगभग 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पटवारी को मौका रिपोर्ट लाने के निर्देश दिए हैं।
-अमर सिंह, नायब तहसीलदार
आग बुझाते समय तीन लोग घायल
बड़सर (हमीरपुर)। चकमोह में लगी आग को बुझाते समय तीन लोग घायल हो गए। सुधीर कुमार पुत्र ज्ञान चंद के सिर पर स्लोट गिरने से घायल हुआ। उसे रात को निजी अस्पताल बड़सर में पहुंचाया गया। उसके सिर और चेहरे पर लगभग 12 टांके लगे हैं। सुधीर कुमार भारतीय सेना में तैनात है तथा छुटटी पर घर आया हुआ है। सुधीर के अतिरिक्त प्यार चंद और विजेंद्र कुमार चकमोह निवासी भी आग बुझाने का प्रयास करने के दौरान घायल हुए हैं।
