जंक फूड से परहेज करें छात्र

हमीरपुर। अब छात्रों में खून की कमी नहीं रहेगी। जिला के सभी विद्यार्थी अनीमिया मुक्त होंगे। सोमवार को जिला में अनीमिया मुक्त अभियान का सीपीएस इंद्रदत्त लखनपाल ने हमीरपुर के बाल स्कूल से शुभारंभ किया। आईडी लखनपाल ने इस अवसर पर कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शारीरिक संरचना के अनुकूल हृष्ट-पुष्ट बनाना है। उन्होंने कहा कि बदलते परिवेश में बच्चों के खानपान में भी परिवर्तन आया है। बच्चे प्रात: नाश्ता, दोपहर और सायं का भोजन करने की बजाय जंक फूड को अपना रहे हैं जोउनके स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डाल रहा है। उन्होंने सलाह दी कि बच्चे जंक फूड से परहेज करें।
उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने विद्यार्थियों काआह्वान किया कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़ चढ़ कर भाग लें। इनडोर खेलों की बजाय खुले मैदान में खेलें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीआर कटवाल ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए कहा कि साप्ताहिक आयरन फोलिक एसिड पूरकता कार्यक्रम के तहत 6वीं से 12वीं कक्षा के 10 से 19 वर्ष आयु के 276 स्कूलों के 41098 विद्यार्थियों को दायरे में लाया जाएगा। कार्य को सफलतापूर्वक चलाने के लिए 276 नोडल अधिकारी और 2423 अध्यापकों और सहायकों को नियुक्त किया है। उन्होंने बताया कि सप्ताह के प्रत्येक बुधवार को आयरन टेबलेट विद्यार्थियों को खिलाई जाएगी। इसका सेवन संबंधित पाठशाला के अध्यापक भी करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता दीपक शर्मा, अध्यक्ष एपीएमसी प्रेम कौशल, निदेशक कांगड़ा बैंक अनिल वर्मा, राजेंद्र जार, कुलदीप पठानिया, रणजीत सिंह वर्मा, युकां अध्यक्ष सुमित शर्मा, सुमन शर्मा, राकेश रानी, पार्षद मनोरमा लखनपाल, रीता खन्ना, अजय शर्मा, बबलू पटियाल, अश्वनी शर्मा, चेतन लखनपाल, निदेशक उच्च शिक्षा दिनकर बुराथोकी, उप-निदेशक उच्चतर शिक्षा आरसी तबयाल, एसएमओ डॉ. केसी चोपड़ा, डॉ. संजय जगोता, डॉ. हरमिंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

Related posts