करसोग में नहीं मिल रही सस्ती चीनी

करसोग (मंडी)। करसोग उपमंडल के अंतर्गत पिछले तीन माह से डिपुओं में चीनी का कोटा नहीं मिल रहा है। जिससे हजारों उपभोक्ताओं को बाजार से महंगे दामों पर चीनी खरीदनी पड़ रही है। क्षेत्र के लोगों ने सरकार और खाद्य आपूर्ति विभाग से मांग की है कि चीनी का कोटा शीघ्र जारी किया जाए, ताकि लोगों को महंगाई से थोड़ी राहत मिल सके।
करसोग के दुर्गम क्षेत्र महोग, सेरी कताड़ा, पोखी आदि क्षेत्रों में खाद्य आपूर्ति निगम की ओर से छह महीने का इकट्ठा राशन भेजा जाता है। पिछले तीन महीनों से क्षेत्र के डिपुओं में चीनी का कोटा नहीं पहुंचा है। स्थानीय निवासी भेत राम, कमल, सोहन, दीवाना राम, सुंदर लाल, केवल और रोशन आदि का कहना है कि पिछले तीन माह से लोग सस्ता राशन के तहत मिलने वाली चीनी का इंतजार कर रहे हैं। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी चीनी का कोटा न मिलने से उपभोक्ताओं को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इधर, जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक रवींद्र का कहना है कि एक सप्ताह के भीतर चीनी का कोटा मिल जाएगा। उपभोक्ताओं को तीन महीने का पूरा कोटा दिया जाएगा।

Related posts