फर्जी दस्तावेजों पर लोन ले लाखों डकारे

अंब (ऊना)। उपमंडल अंब की दो महिलाओं समेत छह लोगों ने लुधियाना के एक बैंक में फर्जी दस्तावेजों के दम पर लाखों का लोन लेकर राशि डकार ली। आरोपियों ने लोन लेने के बाद दोबारा बैंक का रुख ही नहीं किया। तीन ट्रकों की खरीद के लिए लोन लेने के बाद आरोपी गायब हो गए। बैंक के दस्तावेजों में आरोपियों का पता ठिकाना कुछ हद तक सही पाया गया। दस्तावेजों पर दर्शाई गई बाकी जानकारी फर्जी निकली। बैंक के कलेक्शन प्रबंधक बलदीप मंगत की शिकायत पर अंब पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भादंसं की धारा 420, 467, 468, 471, 120बी और 506 के तहत मामला दर्ज किया है। प्रबंधक ने पुलिस को बताया कि जब वे आरोपियों से मिले तो उन्हें जान से मारने की धमकी मिली। आरोपियों पर करीब 15 लाख रुपये डकारने का आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अंब क्षेत्र के दियाड़ा इलाके की दो महिलाओं सहित छह लोगों ने यह फर्जीवाड़ा किया है। इन्होंने लुधियाना स्थित कोटक महेंद्रा बैंक से 2011 में तीन ट्रक खरीदने के लिए क्रमश: 437143 रुपये, 678844 रुपये और 4.50 लाख रुपये का कर्ज लिया। इसके बाद इन लोगों ने एक ही किश्त जमा कराई और गायब हो गए। खरीदे गए तीनों ट्रकों का भी मौजूदा दौर में कोई अता पता नहीं है। दो वर्ष बीत जाने के बाद बैंक प्रबंधन का इन लोगों से किसी तरह संपर्क हो पाया, लेकिन वे मारपीट पर उतारू हो गए। इस पर बैंक प्रबंधन ने अंब थाने में उक्तलोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। अंब थाना प्रभारी ने मामला दर्ज होने की पुष्टि करते हुए कहा कि दियाड़ा पंचायत के सचिन कुमार, निशा रानी, नरेंद्र कुमार, गुरजीत सिंह, कौशल कुमार और मीरा देवी खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।

Related posts