
कोटखाई (शिमला)। ठियोग-कोटखाई-हाटकोटी राजमार्ग सोमवार रात से एक बार फिर बंद हो गया है। जानकारी के अनुसार रात को करीब 2:30 बजे पड़शाला के पास सड़क में ट्राला के फंस जाने से मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। जाम लगने से जहां सेब की गाड़ियां समय पर मंडियों तक नहीं पहुंच पाई। वहीं लोगों को भी पैदल ही सफर तय करना पड़ा। मार्ग को मंगलवार शाम 5:30 बजे बहाल किया गया।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात को करीब 2:30 बजे पड़शाला के पास एक ट्राला सड़क से बाहर निकल गया। इस कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। सोमवार सुबह भी यहां पर ट्राला फंस जाने से करीब 11:30 बजे तक जाम लगा रहा था। ट्राले को सड़क से रात करीब 8:30 बजे हटाया गया था, लेकिन उसके बाद फिर से एक ट्राला इस स्थान पर फंस गया। इसके बाद छोटे वाहनों की आवाजाही भी पूर्ण रूप से ठप हो गई थी। वहीं, पुलिस थाना कोटखाई के प्रभारी गौरी दत्त शर्मा ने बताया कि ट्राला फंस जाने से सड़क पर जाम लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि मार्ग को साढ़े पांच बजे बहाल कर दिया गया है।
