
पिथौरागढ़। सेना में तैनात पुनेड़ी महर के एक जवान की ड्यूटी के दौरान मृत्यु हो गई। जवान को शहीद का दर्जा देते हुए सैनिक सम्मान के साथ रामेश्वर घाट में अंतिम संस्कार किया गया। शहीद जवान नेशनल फुटबाल में एक समय धूम मचाने वाले स्व. जीवानंद पुनेड़ा के सुपुत्र थे।
ग्राम पुनेड़ी महर के मूल निवासी शहीद रमेश चंद्र पुनेड़ा का परिवार शहर के लिंकरोड में रहता है। रमेश चंद (47) कुमाऊं रेजीमेंट से रिटायर होने के बाद सेना के ही एक डिवीजन डीएससी में सेवारत थे। पार्थिव शरीर लेकर यहां पहुंचे डीएससी के सूबेदार आरपी भट्ट ने बताया कि रमेश चंद्र पुनेड़ा एक अगस्त को पठानकोट (पंजाब) में ड्यूटी के दौरान अचानक गिर पड़े। ब्रेन हैमरेज होने की वजह से उनकी मौत हो गई।
रमेश नेशनल फुटबालर मोहन बागान जैसी विख्यात टीम के हीरो रहे जीवानंद पुनेड़ा तीसरे नंबर के पुत्र थे। रमेश के दो बच्चे हैं। लड़का बीटेक कर रहा है तो लड़की हाईस्कूल में पढ़ती है। हादसे की सूचना मिलने के बाद से मृतक जवान के घर में कोहराम मचा हुआ है। सोमवार को जब शव शहीद के आवास पर पहुंचा तो शहीद के परिजनों के करुण क्रंदन से सभी की आंखें भर आई। उक्रांद जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर पुनेड़ा समेत सैकड़ों लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
