सीनियर रेजीडेंट का कार्यकाल समाप्त

हल्द्वानी। नवजात बच्चे की मौत और ममता भट्ट की बच्चेदानी निकालने के मामले में ऑपरेशन करने वाली टीम में शामिल सीनियर रेजीडेंट का कार्यकाल समाप्त कर दिया गया है। साथ ही अन्य डाक्टरों को चेतावनी दी गई है कि वे मरीजों के प्रति स्वयं उत्तरदायी होंगे। यह अंतिम निर्णय नहीं है। अभी इस रिपोर्ट को भी आख्या के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग के सक्षम अधिकारियों के पास भेजा जाना है। इसके बाद अगली कार्रवाई होगी।
करीब एक माह बाद सोमवार को जांच रिपोर्ट सामने आई। हालांकि, प्राचार्य के पास पहुंची 60 पेज की यह रिपोर्ट मीडिया के सामने एक पेज में आई है। प्राचार्य की ओर से मीडिया को जो जांच रिपोर्ट सौंपी गई है, उसमें तीन बिंदुओं का उल्लेख किया गया है। पहले बिंदु में बताया गया है कि इस मामले के निष्पक्ष निस्तारण के लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग से अनुरोध किया गया है कि रिपोर्ट का अध्ययन किसी अन्य चिकित्सा संस्थान के कम से कम दो प्रोफेसर स्तर के विषय विशेषज्ञों से कराया जाए।
दूसरे बिंदु में डाक्टरों पर हुई कार्रवाई का उल्लेख है। इसमें बताया गया है कि सीनियर रेजीडेंट का कार्यकाल समाप्त कर दिया गया है। इसके अलावा पीजी कर रहे डाक्टरों को चेतावनी दी गई है, जबकि ऑन कॉल डाक्टर को प्राचार्य कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। हालांकि, रिपोर्ट में इस बात का उल्लेख नहीं है कि जिस डाक्टर का कार्यकाल समाप्त किया गया है उसका कितना कार्यकाल बचा था। जिन डाक्टरों पर कार्रवाई हुई उनके नाम भी रिपोर्ट में नहीं हैं। तीसरे और अंतिम बिंदु में कंसलटेंट डाक्टरों को चेतावनी दी गई है कि भविष्य में ड्यूटी के दौरान वह स्वयं मरीजों के लिए उत्तरदायी होंगे।

Related posts