
टनकपुर। नेपाल से सिरगेट की तस्करी का धंधा जोरों पर चल रहा है। सोमवार को तड़के पुलिस के गश्ती दल ने करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की खुकरी नेपाली सिगरेट बरामद की है, जबकि तस्कर नेपाल की ओर फरार हो गए। बरामद सिगरेट कस्टम विभाग के सुपुर्द की गई है।
पुलिस का दल उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह खड़ायत के नेतृत्व में सोमवार की सुबह सैलानीगोठ गांव से लगी सीमा पर गश्त कर रहा था कि सैलानीगोठ नईबस्ती स्थित शिव मंदिर के पास शारदा नदी किनारे दो लोग सामान से भरे बोरे लेकर संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई पड़े। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही वे सामान छोड़कर नेपाल की ओर भाग गए। उप निरीक्षक खड़ायत ने बताया कि सामान की तलाशी लेने पर बोरों में 175 डंडे नेपाली सिगरेट के बरामद हुए, जिसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई है। उप निरीक्षक ने बताया कि लिखित कार्रवाई के बाद बरामद सिगरेट बनबसा कस्टम विभाग को सौंप दी गई है। गश्ती दल में सिपाही मंजीत सिंह, बिहारी लाल, विजय पाल शामिल थे। गौरतलब है कि सीमांत बनबसा और टनकपुर बाजार में नेपाल निर्मित खुकरी सिगरेट की खासी मांग है, जिसके चलते नेपाल से बड़े पैमाने पर सिरगेट तस्करी का धंधा चल रहा है।
