चंदन की लकड़ी के साथ चार तस्कर दबोचे

सितारगंज। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने चंदन की लकड़ी से भरी मारुति जेन कार को कब्जे में लेकर उसमें सवार चार तस्करों को धर दबोचा और कार में रखे 12 गिल्टे बरामद किए। प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि पकड़ी लकड़ी की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करीब 40 लाख रुपये है।
रविवार की देर रात सरकड़ा चौकी पर इंचार्ज दिनेश नाथ के नेतृत्व में पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस बीच पीलीभीत की तरफ जा रही मारुति कार जेन संख्या-यूपी78वी-3831 को पुलिस ने रोक लिया। जिसमें सवार चार तस्कर सकपका गए और भागने का प्रयास करने लगे। इस पर पुलिस ने दो तस्करों को कार के भीतर ही दबोच लिया। जबकि दो तस्कर धान के खेत में भाग खड़े हुए, जिनका पीछा कर उन्हें भी पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार से 12 गिल्टे चंदन की लकड़ी बरामद हुई। पूछताछ में पकड़े गए तस्करों ने अपना नाम और पता कन्नौज निवासी श्याम मोहन पुत्र छेदी लाल, श्यामजी पुत्र हरिराम, दीपक सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह और बृजेश कुमार पुत्र युगल किशोर बताया। बताया कि हल्द्वानी से चंदन के पेड़ काटकर लाए थे। चंदन की लकड़ी कन्नौज बेचने के लिए ले जाई जा रही थी। इस पर टीम तस्करों को चंदन की लकड़ी से भरे वाहन के साथ कोतवाली ले आई। प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि तस्करी में प्रयुक्त वाहन सीज कर लकड़ी कब्जे में ले ली है और तस्करों को वन अधिनियम की धारा 26 व चोरी की धारा 379/411 के तहत जेल भेज दिया। टीम में महावीर सिंह, हरीश सनवाल, अर्जुन सिंह, कुलदीप सिंह, हेमचंद आदि थे।

Related posts