
नई दिल्ली। निजी स्कूलों में दाखिले की पारदर्शिता को बनाने के लिए शिक्षा निदेशालय सख्त हो गया है। निदेशालय ने स्कूलों को आदेश दिया है कि वह अपनी कुल सीटों के साथ-साथ खाली व भरी सीटों की जानकारी नोटिस बोर्ड पर दें। निदेशालय ने केंद्रीय सूचना आयोग के आदेश का हवाला देते हुए स्कूलों को गंभीरता से इस निर्देश का पालन करने को कहा है। निदेशालय की अतिरिक्त शिक्षा निदेशक (एक्ट-1) डॉ. मधु रानी ने स्कूलों से कहा है कि वह स्कूल में सभी कक्षाओं की सीटों की जानकारी दें। इसमें गरीब कोटे के तहत आने वाली कुल सीटों, खाली सीटों, कुल आवेदकों और इस वर्ग के आवेदन कब आए और किस तारीख को दाखिला दिया गया, के बारे में बताने को कहा है। इस तरह की सूचना सप्ताह में एक बार हिंदी और अंग्रेजी दोनों में देनी होगी। यह जानकारी इस तरह से प्रदर्शित करनी होगी कि स्कूल के बाहर से भी इसे देखा जा सके। माना जा रहा है कि निदेशालय को लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि निजी स्कूल खासकर गरीब कोटे के दाखिले देने में आनाकानी करते हैं। ऐसे में स्कूल में सीटों से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित होने से न केवल पारदर्शिता बनेगी, बल्कि अभिभावकों को भी दाखिले की गुंजाइश का पता चलेगा। निदेशालय को उम्मीद है कि इससे स्कूल इस बात से इंकार नहीं कर पाएंगे कि दाखिले के लिए सीटें नहीं हैं।
