एसओएल में बढ़ने लगी दाखिला लेने वालों की संख्या

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के रेगुलर कोर्सों की तरह स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) में दाखिले का क्रेज बढ़ता ही जा रहा है। एसओएल में अब 75 हजार दाखिले हो चुके हैं। माना जा रहा है कि इस दफे यहां दाखिलों का नया रिकॉर्ड बन सकता है। स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग के कार्यकारी निदेशक प्रो एच.सी पोखरियाल के मुताबिक बगैर लेट फीस के साथ 14 अगस्त तक और लेट फीस के साथ दो सितंबर तक दाखिले लिए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस साल एसओएल के लिए आवेदन की सुविधा जल्दी शुरू कर दी गई थी। एसओएल के लिए अब तक हजार से ज्यादा छात्रों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। प्रो पोखरियाल के अनुसार भीड़ से बचने व लाइनों में होने वाली परेशानी के मद्देनजर ही ऑनलाइन आवेदन को शुरु किया गया है। माना जा रहा है कि जिन छात्रों को तीन वर्ष के पाठ्यक्रम के तहत ही पढ़ना है वह एसओएल में दाखिला लेंगे। अब तक के दाखिलों पर नजर डालें तो यहां 90 फीसदी अंक लाने वाले भी दाखिला ले रहे हैं। एसओएल में डीयू का पूरा पाठ्यक्रम होने के कारण एक ही समान डिग्री प्रदान की जाती है इसलिए भी एसओएल में दाखिला लेने का क्रेज रहता है। एसओएल में खासकर ऐसे स्टूडेंट दाखिला ले रहे हैं जो कि अपनी पढ़ाई के साथ ही कोई अन्य कोर्स भी करना चाहते हैं।

Related posts