चोरी करते पकड़ा तो कर दी हत्या

नई दिल्ली। सरिता विहार इलाके में प्राइवेट कंपनी के सुरक्षा गार्ड ने चोरी करते हुए चार आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। गुस्साए आरोपियों ने सुरक्षा गार्ड की पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। कई महीने तक चली जांच के बाद पुलिस ने हत्या व चोरी के आरोप में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त डा. पी. करूणाकरन के अनुसार 14 जनवरी को सूचना मिली थी कि सरिता विहार में पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति घायलावस्था में पड़ा हुआ है। घायल को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान प्राइवेट कंपनी के सुरक्षा गार्ड तुलसीराम के रुप में हुई। मामले की तफ्तीश के लिए स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार की देखरेख में एसआई संदीप गोदारा और पीएल कटेवा की टीम बनाई गई। कई महीने तक चली जांच के बाद पुलिस को यह सूचना मिली थी कि तुलसीराम की हत्या स्थानीय स्क्रैप वेंडर्स ने की है। मामले में पुलिस ने गांव करचला, औरेया निवासी रवि कुमार (22), इटावा निवासी संजू (19), गांव पाति खुर्द फर्रूखाबाद निवासी शहाबुद्दीन (42) और गांव सलीमपुर, इटावा निवासी दुर्गेश उर्फ मंजू (35) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 13/14 जनवरी की रात वह सरिता विहार में वालेचा कंपनी में चोरी के इरादे से दाखिल हुए थे। उस वक्त कंपनी में निर्माण कार्य चल रहा था। सुरक्षा गार्ड तुलसीराम ने आरोपियों को चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया था। इस पर आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी थी। जब गार्ड बेहोश हो गया तो आरोपी मौके पर उसे छोड़कर फरार हो गए थे।

Related posts