
नई दिल्ली। देशबंधु गुप्ता रोड इलाके में एक ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी जिससे उसमें सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई और तीन लोग जख्मी हो गये। सभी घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने ट्रक चालक पूरन चंद को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, विजय विहार में रहने वाले अंकुर चोपड़ा गुड़गांव स्थित एक निजी कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। तीन अगस्त को जालंधर से उसके पिता राजकुमार चोपड़ा, मां अनीता और भाई समीर उसके घर आए थे। अगले दिन ट्रेन से जालंधर जाने के लिए परिवार के सभी सदस्य दो ऑटो में सवार होकर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुए। इसी दौरान फैज रोड के पास एक बेकाबू ट्रक ने उस ऑटो में टक्कर मार दी जिसमें अंकुर के पिता बैठे हुए थे। टक्कर लगते ही ऑटो पलट गया और उसमें सवार चालक योगेश समेत चार लोग जख्मी हो गये। दूसरी ऑटो में आ रहे अंकुर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सभी घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने राजकुमार चोपड़ा को मृत घोषित कर दिया।
