एचआरटीसी की बस पलटी, बीस घायल

बरठीं (बिलासपुर)। चौखना-घुमारवीं रूट पर चलने वाली एचआरटीसी की बस सोमवार सुबह अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में पलट गई। इससे उसमें सवार बीस यात्री घायल हुए। हल्की चोटें आने के कारण सभी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि सड़क के किनारे बनी नाली में घास होने से टायर धंस गया। इस वजह से बस अचानक सड़क से पलटकर साथ लगते मक्की के खेत में गिर गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उधर, हादसा होने के एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। इस पर स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने तल्खी है।
जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 8:30 बजे चलारन के समीप एचआरटीसी की बस पलट गई। बस में लगभग 40-50 यात्री सवार थे। अधिकर स्कूली बच्चे थे। सभी घायलों का बरठीं अस्पताल में इलाज किया गया। छह यात्रियों को ज्यादा चोटें आई। जिन्हें लगभग एक-डेढ़ घंटे तक अस्पताल में आब्जर्वेशन पर रखने के बाद घर भेज दिया गया। हादसे के दौरान वहां के सुरजीत और देशराज ने बस का फ्रंट शीशा तोड़कर सवारियों को बाहर निकाला। उनके अनुसार बस में 40-50 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी घुमारवीं एसआर संधू ने अपनी टीम के साथ मौके का मुआयना किया तथा लोगों के बयान दर्ज किए। एचआटीसी के रिजनल मैनेजर संतोष कुमार भी मौके पर पहुंचे। ग्राम पंचायत कपाहडा के प्रधान रमेश चंद, उपप्रधान शशि पाल, रतन लाल, राम प्रकाश पटियाल, वीरेंद्र मल्होत्रा सहित अन्यों ने बताया कि हादसा होने के एक घंटा बीत जाने के बाद भी 108 एंबुलेंस नहीं पहुंची। उधर, चालक केहर सिंह ने बताया कि सड़क के एक तरफ घास उगी हुई थी। इसकी वजह से एक तरफ सड़क का हिस्सा धंस जाने की वजह से बस खेत में खिसक गई।

ये हुए हादसे में घायल
बरठीं (बिलासपुर)। 52 सीटर बस में 40 से 50 सवारियां बैठी थी। इनमें से बीस लोगों को चोटें आई हैं। इनमें सात महिलाएं शामिल हैं। राजपाल, जय सिंह, कश्मीर सिंह, करतार चंद, धर्मपाल, देवी सिंह, रणजीत, मस्तराम, संध्या देवी, कर्मचंद, वीना देवी कई लोगों को इस में चोटें आई। रणजीत सिंह, मस्त राम, संध्या देवी, राजो देवी, दलूंभी देवी, बाबू राम, बर्फी देवी, सोमा देवी और केहर सिंह को लगभग डेढ़ घंटे तक अस्पताल में आबजर्वेशन पर रखने के बाद घर भेज दिया गया।

Related posts